खेल डेस्क. अर्जेंटीना के स्टार फुटबॉलर पाओलो दिबाला ने कोरोनावायरस को हरा दिया है। वे इटली के क्लब युवेंटस की ओर से खेलते हैं। कोरोना से इस देश में 9000 से ज्यादा लोगों की मौत हो चुकी है। दिबाला ने बुरे सपने जैसे कटे दिनों के बारे में कहा कि कुछ दिन पहले मैं बहुत मुश्किल में था। हर 5 मिनट में सांस फूलने लगती थी और मांसपेशियां भी सख्त हो जाती थी। दिबाला के अलावा युवेंटस के डेनीले रुगानी और ब्लेज मतूदी भी संक्रमित हुए थे, जो अब ठीक हैं।
दिबाला ने कहा, ‘‘खतरनाक संक्रमण के बाद अब मैं बेहतर महसूस कर रहा हूं। कुछ दिन जो कटे वह मेरे लिए बुरे सपने की तरह थे। मैं बहुत भारी महसूस कर रहा था। हर 5 मिनट में कुछ मूवमेंट के बाद मैं रुक जाया करता था, क्योंकि मेरी सांस फूलने लगती थी। मैं सांस लेने के लिए जूझता और हांफता था। मैं कुछ नहीं कर सकता था। बहुत थकान हो जाया करती थी। शरीर भी भारी महसूस होने लगता था और मांसपेशियां सख्त हो जाती थी।’’

युवेंटस के स्टार फुटबॉलर पाओलो दिबाला ने इस सीजन के सभी टूर्नामेंट्स में 13  गोल दागे हैं।

अर्जेंटीना की सिंगर ओरिआना ने भी कोरोना को हराया
दिबाला की मंगेतर और अर्जेंटीना की सिंगर ओरिआना सबातिनि भी कोरोना से संक्रमित थीं। अब वे ठीक हैं। युवेंटस के स्टार फुटबॉलर ने इस सीजन के सभी टूर्नामेंट्स में 13  गोल दागे हैं। कोरोनावायरस के कारण इटली की फुटबॉल लीग सीरी-ए समेत दुनियाभर के सभी टूर्नामेंट टाल या रद्द कर दिए गए हैं। दिबाला ने पिछला मैच इंटर मिलान के खिलाफ खेला था। इसमें युवेंटस 2-0 से जीता था। मैच में आरोन रामसे ने 54वें और दिबाला ने 67वें मिनट में 1-1 गोल किया था।
कोरोना से दुनिया में अब तक 27,365 मौतें
दुनियाभर के 195 देश में कोरोनावायरस से शनिवार सुबह तक 27 हजार 365 लोगों की मौत हो चुकी है। जबकि 5 लाख 97 हजार से ज्यादा लोग संक्रमित हैं। इटली, स्पेन और फ्रांस में 16,267 लोगों ने जान गंवाई है। यह दुनियाभर में हुई कुल मौतों का लगभग 60% है। भारत में अब तक 904 मामले सामने आए, जिसमें से 22 की मौत हो गई। देश में 14 अप्रैल तक लॉकडाउन लगाया है।
सीरी-ए लीग के 11 खिलाड़ी संक्रमित
15 मार्च को ही इटेलियन लीग सीरी-ए के 11 खिलाड़ियों का कोरोनावायरस टेस्ट पॉजिटिव पाया गया था। इस लीग में 20 टीमें खेलती हैं। डॉक्टर ने नई हेल्थ एडवाइजरी जारी कर खिलाड़ियों को प्रैक्टिस से बचने और घर में रहने के लिए कहा था। इसके अलावा स्पेन की लीग में वैलेंसिया की ओर से खेलने वाले इजिक्विल गैरे भी कोरोनावायरस से संक्रमित पाए गए थे। इन सभी खिलाड़ियों को क्वारैंटाइन किया गया। युवेंटस के स्टार फुटबॉलर क्रिस्टियानो रोनाल्डो भी अपने घर में क्वारैंटाइन हैं। हालांकि वे वायरस से संक्रमित नहीं हैं।