मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन। (फाइल)

रांची.  मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के प्रयास के बाद दिल्ली में फंसे झारखंड के लोगों के लिए भोजन का प्रबंध हो गया। इसके लिए मुख्यमंत्री ने दिल्ली के सीएम अरविंद केजरीवाल को धन्यवाद कहा है। अरविंद केजरीवाल ने जानकारी दी कि जिलाधिकारी को निर्देश दे दिया गया है। झारखंड से आए हुए हमारे इन भाइयों को दो वक्त का खाना मिले। दिल्ली में हम कोशिश कर रहें हैं कि कोई भी व्यक्ति भूखा न रहे।
एक रूम में रह रहें हैं लोग, खाने की व्यवस्था नहीं
मुख्यमंत्री को एक वीडियो साझा कर बताया गया कि झारखंड के कुछ लोग जो वहां मजदूरी करते हैं, लॉकडाउन की वजह से फंस गए हैं। खाने की व्यवस्था नहीं। भूख से मरने की नौबत आ गई है। मामले की जानकारी के बाद मुख्यमंत्री ने अरविंद केजरीवाल से इन्हें मदद पहुंचाने का अनुरोध किया था। साथ ही कहा कि झारखंड से बाहर रह रहे सभी लोगों से मेरा निवेदन है। जरूरत पड़ने पर 0651- 2282201 पर संपर्क करें। कंट्रोल रूम के माध्यम से हर जरूरतमंदों को उचित मदद पहुंचायी जाएगी।
तेलंगाना के 26 बच्चे झारखंड में सुरक्षित हैं
मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने तेलंगाना के मुख्यमंत्री को भरोसा दिलाते हुए कहा कि तेलंगाना के सभी 26 बच्चे साहेबगंज में सुरक्षित हैं। राज्य सरकार ने स्कूल प्रबंधन को बच्चों का पूरा ध्यान रखने का निर्देश दिया है। डीसी साहेबगंज को भी बच्चों की सुरक्षा, स्वास्थ्य को ध्यान में रख आगे की कार्रवाई करने का आदेश दिया गया है।
तेलंगाना से प्रवास में आए थे बच्चे
मुख्यमंत्री को बताया गया कि नवोदय विद्यालय चोपडंडी, करीमनगर तेलंगाना के 26 बच्चे साहेबगंज स्थित नवोदय विद्यालय में शैक्षणिक प्रवास के लिए आए थे। लेकिन, लॉकडाउन की स्थिति में तेलंगाना नहीं लौट सके। इस संदर्भ में तेलंगाना के मुख्यमंत्री ने हेमंत सोरेन से बच्चों की देखभाल के लिए निवेदन किया था।